मोबाइल: जीवन में वरदान या अभिशाप
भूमिका
बदलते समय का सबसे बड़ा सवाल
क्या आपने कभी सोचा है कि जिस मोबाइल के बिना आज एक पल रहना मुश्किल लगता है, वही हमारे जीवन का सबसे बड़ा सहारा है या धीरे-धीरे हमें अपनों से दूर करने वाला एक मौन खतरा? सुबह आँख खुलने से लेकर रात को सोने तक, हमारी दिनचर्या का शायद ही कोई ऐसा क्षण हो, जहाँ मोबाइल की उपस्थिति न हो। यह हमारी सुविधा, शिक्षा, मनोरंजन और जानकारी का स्रोत बन चुका है—लेकिन क्या इसकी कीमत हम अपने रिश्तों, स्वास्थ्य और मानसिक शांति से चुका रहे हैं?
एक ओर मोबाइल ने दुनिया को हमारी मुट्ठी में समेट दिया है, तो दूसरी ओर इसी ने संवाद को सीमित, संबंधों को औपचारिक और जीवन को आभासी बना दिया है। क्या सचमुच मोबाइल हमारे जीवन का वरदान है, या फिर धीरे-धीरे एक ऐसा अभिशाप बनता जा रहा है, जिसे हम समझते हुए भी अनदेखा कर रहे हैं?
इन्हीं ज्वलंत प्रश्नों को सहज, अनुभवजन्य और विचारोत्तेजक शैली में प्रस्तुत करती है डिंपल अग्रवाल की यह स्वरचित रचना—मोबाइल: जीवन में वरदान या अभिशाप। यह लेख केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं से कुछ जरूरी प्रश्न पूछने के लिए भी प्रेरित करता है।
आलेख
🤘 चलिए, पहले बात कर लेते हैं मोबाइल के जीवन में वरदान होने की।
आज पूरा भारत डिजिटल हो चुका है और इस परिवर्तन में मोबाइल सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कोई भी जानकारी चाहिए—बातें हों, पूजा-पाठ हो, पढ़ाई हो या त्योहारों से जुड़ी जानकारी—हर चीज़ हम आज गूगल पर खोज सकते हैं। मोबाइल आज जीवन में एक मार्गदर्शक की तरह बन गया है।
पढ़ाई की छोटी से बड़ी जानकारी हम मोबाइल से प्राप्त कर लेते हैं। पुस्तकें खोलने की बजाय हम मोबाइल खोलना अधिक पसंद करते हैं। पूजा-पाठ के लिए भी मोबाइल पर ही जानकारी खोज लेते हैं; किसी से पूछने की आवश्यकता तक महसूस नहीं होती, क्योंकि मोबाइल सब कुछ बता देता है।
छोटे-छोटे बच्चों को भी मोबाइल के बिना आनंद नहीं आता। रोते हुए बच्चे को यदि मोबाइल दे दिया जाए, तो वह हँसने लगता है। सफर के दौरान मोबाइल हमें रास्ता दिखाता है। यद्यपि कई बार कठिनाइयाँ भी आती हैं, फिर भी हम मोबाइल के भरोसे ही चलते हैं।
आज हमारी अधिकांश गतिविधियाँ मोबाइल पर आधारित हो गई हैं। हम घंटों अकेले मोबाइल पर समय व्यतीत करके खुश रहते हैं। परिवार या आसपास के लोगों की परवाह भी कई बार कम हो जाती है। मोबाइल ही जीवन और सच्चा साथी बन चुका है। अब हम फ़िल्में भी मोबाइल पर देखने लगे हैं और सिनेमा हॉल जाना बहुत कम कर दिया है। इस प्रकार मोबाइल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है।
🤘 हर चीज़ के दो पहलू होते हैं। मोबाइल भी उसी प्रकार जीवन में वरदान तो है, पर उससे कहीं अधिक अभिशाप भी बनता जा रहा है।
आज हर उम्र के लोगों—बच्चों, युवाओं, बुज़ुर्गों, पुरुषों और महिलाओं—को मोबाइल की लत लग चुकी है। हर कोई अधिक से अधिक समय मोबाइल पर बिताना चाहता है और बिताता भी है। मोबाइल हमारी हर साँस में शामिल हो गया है। अब हमें किसी से बात करने की आवश्यकता भी कम महसूस होती है; बस मोबाइल चालू किया और घंटों उसी में लगे रहे।
चाहे उसकी वजह से सिर में दर्द हो, आँखें लाल हो जाएँ, आँखों में दर्द हो, दृष्टि कमजोर हो जाए, शरीर की नसों पर असर पड़े, मानसिक संतुलन बिगड़ने लगे या चिड़चिड़ापन बढ़ जाए—फिर भी मोबाइल ही सब कुछ लगने लगता है।
मोबाइल हमारी मानसिक और शारीरिक स्थिति को बहुत हद तक प्रभावित करता है। दिनभर चिड़चिड़ापन बना रहता है, किसी से बात करने का मन नहीं करता और नींद भी ठीक से नहीं आती। इसकी स्क्रीन कई बीमारियों का कारण बन सकती है, फिर भी हम इस बुरी लत को छोड़ नहीं पाते।
मोबाइल पर हम कई अनुचित चीज़ें भी देख लेते हैं और अनजाने में उन्हें अपने जीवन में दोहराने की कोशिश करने लगते हैं। पुस्तकों का अध्ययन कम होता जा रहा है और हम मोबाइल में अधिक समय बिताने लगे हैं, जिसकी वजह से आँखों की रोशनी कमजोर होना, धुंधलापन आना जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं।
परिवार और रिश्तेदारों से दूरी बढ़ती जा रही है। लेखन क्रिया भी लगभग समाप्त होती जा रही है; अब हम केवल मोबाइल पर लिखकर संदेश भेजते हैं। मोबाइल हमें कई बार स्वयं से भी अधिक कमजोर बना देता है।
इसलिए मोबाइल के दुरुपयोग से बचकर रहना आवश्यक है। इसका प्रयोग केवल उतना ही करें, जितनी आवश्यकता हो; अन्यथा भयंकर बीमारियाँ पूरे संसार को प्रभावित कर सकती हैं। 🙏🏻
अपने परिवार और बच्चों को समय दें, ताकि वे भी मोबाइल से दूर रहें। बच्चों को कहानियाँ सुनाएँ, जिससे उनकी मोबाइल देखने की ललक कम हो। 🤘
स्वरचित अनुभव
डिंपल अग्रवाल
सरिया शाखा अध्यक्ष
छत्तीसगढ़
पाठ्य उन्नयन और विस्तार व प्रस्तुति







टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें