ग्रेटर नोएडा। साहित्यिक एवं वैचारिक मासिक पत्र उलझन सुलझन की ग्रेटर नोएडा लेडीज़ विंग की स्थानीय सम्पादिका डॉ. नाज़ परवीन के मार्गदर्शन में अध्ययनरत उनकी छात्रा राखी नागर ने शैक्षणिक एवं बौद्धिक क्षेत्र में सराहनीय उपलब्धि अर्जित की है।
श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर (ग्रेटर नोएडा) में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा राखी नागर ने यूनिवर्सिटी स्तर पर आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर न केवल स्वयं को, बल्कि अपने शिक्षकों और संस्थान को भी गौरवान्वित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता के लिए पहले महाविद्यालय स्तर पर चयन प्रक्रिया हुई, जिसमें श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज से एक छात्र शशांक और दो छात्राएँ अनामिका एवं राखी नागर भाषण प्रतियोगिता के लिए तथा तीन छात्राएँ; रोबिना व सायमा खान व आशु शर्मा; काव्य पाठ के लिए चयनित की गईं। इसके उपरांत विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित प्रतिभागियों के बीच विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें राखी नागर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान अर्जित किया।
इस अवसर पर डॉ. नाज़ परवीन ने अपनी छात्रा के प्रति विशेष भाव व्यक्त करते हुए कहा—
“राखी नागर की यह उपलब्धि उसकी अध्ययन के प्रति गंभीरता, निरंतर परिश्रम और विचारों की स्पष्टता का परिणाम है। वह केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहती, बल्कि विषय को समझने, सोचने और उसे प्रभावी रूप में अभिव्यक्त करने की ईमानदार कोशिश करती है। एक शिक्षक के लिए इससे बड़ा संतोष कुछ नहीं कि उसकी छात्रा सही दिशा में आगे बढ़ रही हो।”
डॉ. नाज़ ने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी में यदि राखी जैसी छात्राएँ अध्ययन के साथ-साथ संवाद, तर्क और विचार-विमर्श में सक्रिय हैं, तो यह समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है, क्योंकि इससे विचारशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार होते हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस के अवसर पर राखी नागर को इस उपलब्धि के लिए औपचारिक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रेरणा और विचारशीलता के प्रतीक इस दिवस पर छात्रा का सम्मान होना उसकी सफलता को और भी अर्थपूर्ण बनाता है।
उलझन सुलझन परिवार एवं लेडीज़ विंग नोएडा की ओर से राखी नागर को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं तथा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि वह आगे भी शिक्षा और विचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेगी।
सूचना स्रोत
डॉ नाज परवीन
स्थानीय सम्पादिका
उलझन सुलझन (लेडीज विंग)
नोएडा
प्रस्तुति



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें