घर से ही उठो, सीखो, संघर्ष करो
ऐसे कि घर ही राष्ट्र निर्माण की पाठशाला बन जाए
“उठो, सीखो, संघर्ष करो और अपने सामर्थ्य को राष्ट्र की शक्ति में बदल दो।”
यह वाक्य केवल प्रेरक उद्घोष नहीं, बल्कि उस जीवन-दर्शन का सार है, जो ग्राम मुरहाट, उत्तर प्रदेश की साधारण-सी मिट्टी से उठकर समुद्र तक पहुँची एक असाधारण यात्रा में साकार हुआ।
यह कहानी किसी एक स्वर्ण पदक की नहीं है। यह उस परंपरा की गाथा है, जहाँ संस्कार विरासत बनते हैं और परिश्रम पीढ़ियों का स्वभाव। इस कथा के मूल में हैं श्री दयाराम जी—एक ऐसा साधारण कृषक और व्यक्तित्व, जिनकी सबसे बड़ी उपलब्धि पद या प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि ऐसे पुत्र और सुपौत्र हैं, जिन्होंने जीवन को साधना समझकर जिया।
श्री दयाराम जी के सुपुत्र विकल सिंह ने पिता के रूप में यह सिद्ध किया कि जब विश्वास बिना शर्त होता है, तब संतान अपने भीतर छिपे सामर्थ्य को पहचान लेती है। उन्होंने सपनों को आदेश नहीं दिया, उन्हें आशीष दिया।
दूसरी ओर, सूबेदार मनोज कुमार—केवल चाचा नहीं, बल्कि गुरु—जिनकी अनुशासनशील तपस्या ने प्रतिभा को दिशा दी। वे जानते थे कि उत्साह को अनुशासन का हाथ न मिले, तो वह बिखर जाता है।
और फिर आता है आर्यन—नई पीढ़ी का वह चेहरा, जिसने यह दिखाया कि आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर अभ्यास मिल जाएँ, तो सीमित संसाधन भी बाधा नहीं बनते। गाँव की संकरी गलियों से निकलकर एक अविश्वसनीय उपलब्धि तक पहुँचना कोई चमत्कार नहीं था, बल्कि रोज़-रोज़ चुनी गई सही आदतों का परिणाम था।
यह संपूर्ण गाथा हमें एक महत्वपूर्ण सत्य सिखाती है—
परिवार, गुरु और विद्यार्थी का त्रिकोण यदि संतुलित हो जाए, तो राष्ट्र को दिशा देने वाली पीढ़ियाँ जन्म लेती हैं।
यह भी स्पष्ट होता है कि “घर का जोगी जोगना ही नहीं होता”—वह जीवन को संवारने वाला शिल्पकार भी हो सकता है, बशर्ते हम उसकी भूमिका को समझें और स्वीकारें। और! क्यों ना स्वीकारें?
यह आलेख समाज के उस हर नागरिक के लिए है, जो स्वयं को सामान्य समझकर अपने सपनों को छोटा मान लेता है। यह कहानी भरोसा दिलाती है कि हम भी बहुत कुछ कर सकते हैं—यदि हम यह प्रण ले लें कि परिस्थितियाँ हमें परिभाषित नहीं करेंगी। हम स्वयं रचेंगे सफलता का पथ।
आज आवश्यकता केवल एक निर्णय की है—
उठने की, सीखने की, संघर्ष करने की
और! अपने भीतर छिपी सामर्थ्य को केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र की शक्ति में बदल देने की।
क्योंकि जब एक घर जागता है,
तो केवल परिवार नहीं—
पूरा समाज आगे बढ़ता है।
सूचना स्रोत
श्री इकराम सिंह जी


















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें