भूमिका
अंतर्संबंध ब्लॉग पेरेंटिंग को किसी उपदेशात्मक ढाँचे में नहीं, बल्कि जीवन की सहज और संवेदनशील प्रक्रिया के रूप में प्रस्तुत करता है—जहाँ बच्चों को चलाने के बजाय उन्हें देखने-समझने की दृष्टि दी जाती है। यहाँ अभिभावक और संतान का संबंध आदेश-पालन का नहीं, आपसी विश्वास, मौन संवाद और उदाहरण के माध्यम से विकसित होने वाली साझी यात्रा के रूप में उभरता है। प्रस्तुत विचार यह स्पष्ट करते हैं कि जब माता-पिता अपने आचरण से जीवन का सही दृष्टिकोण बच्चों के भीतर स्थापित कर देते हैं, तब संकेत ही मार्गदर्शक बन जाते हैं और बच्चे परिणामों से नहीं, प्रयासों से जुड़ना सीखते हैं। यह भूमिका पाठक को इस भाव तक ले जाती है कि पेरेंटिंग कोई जटिल सिद्धांत नहीं, बल्कि ऐसा अंतर्संबंध है जो समझ, धैर्य और विश्वास से नई पीढ़ी के भविष्य को स्वाभाविक रूप से आकार देता है।
दृष्टिकोण स्पष्ट हो, तो सिर्फ संकेत ही काफी
पेरेंटिंग में सबसे आवश्यक है बच्चों को दृष्टिकोण समझा पाना।अभिभावक जब जीवन दर्शन का सही तरीका बच्चों के भीतर स्थापित कर देते हैं, तब बार-बार समझाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऐसे बच्चों के लिए केवल संकेत ही पर्याप्त होते हैं। तदोपरांत वे स्वयं रास्ता पहचान लेते हैं।
मूलतः गाजियाबाद की पर फ़िलवक़्त उत्तर प्रदेश के मेरठ में निवास कर रही यूपीएससी टॉपर कशिश का जीवन इसी सधी हुई पेरेंटिंग का उदाहरण है। उन्होंने अपने अभिभावकों से केवल निर्देश नहीं लिए, बल्कि उनके आचरण, सोच और मौन संकेतों को अपने जीवन में ढाला। यही कारण है कि हर उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने माता-पिता को गौरव की अनुभूति कराई।
श्री जितेंद्र सिंह जी की पेरेंटिंग की विशेषता यह रही कि उन्होंने बच्चों को यह नहीं बताया कि क्या बनना है, बल्कि यह सिखाया कि जीवन को कैसे जीना है। जब मूल दृष्टि स्पष्ट होती है, तब लक्ष्य अपने आप आकार ले लेते हैं। बच्चों को हर कदम पर पकड़कर चलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, वे स्वयं संतुलन साधना सीख लेते हैं।
आज कशिश ने जिस मुकाम को हासिल किया है, वह केवल व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम नहीं है, बल्कि उस वातावरण की देन है जहाँ परिश्रम को सम्मान, धैर्य को बल और मूल्यों को प्राथमिकता दी गई। यही कारण है कि कशिश की सफलता किसी एक क्षण की नहीं, निरंतर संस्कारों की कहानी है।
और! यह कहानी कभी भी रुकती नहीं
कशिश के पश्चात अब श्री जितेंद्र सिंह जी का पुत्र भी उसी दिशा में सधे हुए कदमों से आगे बढ़ रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि जब पेरेंटिंग सही धरातल पर होती है, तो वह किसी एक संतान तक सीमित नहीं रहती—वह एक परंपरा बन जाती है।
कुछ सरल लेकिन प्रभावी पेरेंटिंग सूत्र
बच्चों को आदेश नहीं दृष्टि दीजिए
दृष्टि मिलने के बाद बच्चों को दिशा बताने की आवश्यकता नहीं पड़ती स्मरण रहे कि आदेश बच्चों को क्षणिक रूप से चलाते हैं, जबकि दृष्टि उन्हें जीवन भर चलना सिखाती है।
उदाहरण
यदि कोई बच्चा पढ़ाई में रुचि नहीं ले रहा है, तो बार-बार यह कहना कि “पढ़ो, वरना कुछ नहीं बनोगे”—यह आदेश है।
लेकिन यदि माता-पिता अपने आचरण से यह दिखाएँ कि ज्ञान कैसे आत्मनिर्भर बनाता है और कैसे सीखने से आत्मविश्वास आता है, तो बच्चा स्वयं समझने लगता है कि पढ़ाई केवल परीक्षा के लिए नहीं, जीवन के लिए है।
दृष्टि का अर्थ है—बड़े चित्र को दिखाना।
अतः जब बच्चा यह देख लेता है कि प्रयास से क्या बदल सकता है, तो उसे बार-बार धकेलने की ज़रूरत नहीं पड़ती।
उदाहरण दीजिए, भाषण नहीं
बच्चे वही सीखते हैं जो वे प्रतिदिन देखते हैं। बच्चे माता-पिता के शब्द नहीं, बल्कि उनकी दिनचर्या पढ़ते हैं।
उदाहरण
यदि माता-पिता स्वयं मोबाइल में उलझे रहते हैं और बच्चे को किताब पकड़ाने को कहते हैं, तो बच्चा उलझन में पड़ जाता है। लेकिन जब वह देखता है कि माता-पिता पढ़ते हैं, समय का सम्मान करते हैं, अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाते हैं, तो वह बिना प्रश्न किए उसी व्यवहार को अपनाने लगता है।
यह वही विजन है जो सहज भाव से बच्चों के भीतर उतरता है—जिसे स्वीकार करने में उन्हें कोई ऊहापोह नहीं होती।
प्राथमिकता विश्वास को दीजिये, दबाव को नहीं
विश्वास बच्चों के भीतर आत्मबल पैदा करता है जबकि दबाव बच्चे को आज्ञाकारी तो बना सकता है, पर विश्वास उसे जिम्मेदार बनाता है।
उदाहरण
परीक्षा से पहले यदि माता-पिता कहें कि—
“हमें भरोसा है, तुमने मेहनत की है”—
तो बच्चा भीतर से मजबूत होता है।
इसके विपरीत—
“इस बार नहीं हुआ तो देख लेना”—
यह भय पैदा करता है, क्षमता नहीं।
विश्वास बच्चों को यह एहसास दिलाता है कि वे अकेले नहीं हैं, और यही एहसास उन्हें जोखिम लेने और आगे बढ़ने का साहस देता है।
विफलता को सीख की तरह स्वीकारिये
जिस से बच्चे परिणाम से नहीं, अपितु प्रयास से जुड़ना सीखें। हर सफल व्यक्ति की यात्रा विफलताओं से होकर ही गुज़रती है। यदि बच्चे विफलता से डरेंगे, तो वे प्रयास से भी डरने लगेंगे।
उदाहरण
यदि कोई बच्चा परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं ला पाया, और माता-पिता यह पूछें—
“कहाँ चूक हुई?” और
“अगली बार क्या अलग कर सकते हैं?”
तो बच्चा सीखने की प्रक्रिया से जुड़ता है। इसके ठीक विपरीत यदि विफलता को शर्म या अपमान से जोड़ा गया, तो बच्चा या तो झूठ बोलना सीख लेता है या फिर प्रयास करना छोड़ देता है।
मौन को संवाद बनने दें
हर बात शब्दों में कहना आवश्यक नहीं होता। कभी-कभी माता-पिता का संयम, उनकी चुप्पी, उनकी आँखों की भाषा बच्चों को बहुत गहरे स्तर पर छू जाती है।
उदाहरण
जब बच्चा किसी गलती के बाद अपराधबोध में हो, तो तत्काल उपदेश देने के बजाय
सिर्फ पास बैठ जाना,
उसके कंधे पर हाथ रखना—
यह मौन संवाद बन जाता है।
ऐसा मौन बच्चे को यह संदेश देता है कि गलतियाँ रिश्ते नहीं तोड़तीं, वे तो उन्हें और मजबूत बनाती हैं।
समझने की जरूरत यह है कि वास्तव में पेरेंटिंग कोई जटिल शास्त्र नहीं है। यह तो जीवन को सही दृष्टि से देखने और बच्चों को उसी दृष्टि में सहभागी बनाने की कला है।
कशिश और उनका परिवार हमें यही सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियाँ भविष्य को रोक नहीं सकतीं, यदि अभिभावकों की सोच स्पष्ट और संतुलित हो।
जब पेरेंटिंग एक विधा बन जाती है, तो केवल बच्चे नहीं सँवरते—समाज की भावी पीढ़ियाँ आकार लेती हैं।
उलझन सुलझन का समझ विकसित करने की दिशा में प्रयास


उत्तम
जवाब देंहटाएंआभार
जवाब देंहटाएं