भूमिका
प्रस्तुत संदेश दो आयोजनों के लिए शुभेच्छा है और उत्साहवर्धन भी और इन आयोजनों की प्रस्तावना में दिलचस्प यह है कि दोनों ही के मूल में एक ही रैंक और एक ही विभाग के सफल अधिकारी हैं। एक सूक्ष्म सा अंतर सिर्फ यह है कि दोनों प्रतिभाओं में एक सेवानिवृत्त है। संपूर्ण विवरण को पढ़ और समझ कर कोई भी प्रोत्साहित ही होगा।
संदेश
रमनपाल सिंह, अध्यक्ष – ग्रेटर नोएडा वरिष्ठ नागरिक समाज
(सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक)
“ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और वरिष्ठ नागरिक समाज के संयुक्त सहयोग से बीटा-2 सेक्टर में निर्मित निःशुल्क वरिष्ठ नागरिक लाइब्रेरी का उद्घाटन हमारे लिए अत्यंत गर्व और संतोष का अवसर है। इस पहल का उद्देश्य हमारे बुजुर्ग साथियों को एक ऐसा केंद्र उपलब्ध कराना है, जहाँ वे न केवल पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान और ऊर्जा प्राप्त करें, बल्कि आपस में संवाद स्थापित कर अपने अनुभवों को साझा भी कर सकें।
हमारे लिए यह भी हर्ष का विषय है कि इसी अवसर पर ग्राम पाठशाला के मजबूत पिलर और भारत भर के गांवों में लाइब्रेरी स्थापना के अभियान में लगे ग्राम पाठशाला टीम के सशक्त सदस्य व मानवाधिकार आयोग में पुलिस उपाधीक्षक लालबहार जी की पुस्तक का लोकार्पण भी संपन्न होगा। यह संयोग वास्तव में एक गहरा संदेश देता है—ज्ञान, साहित्य और अनुभव का संगम ही समाज की प्रगति की आधारशिला है। जिस प्रकार लालबहार जी के प्रयास समाज को दिशा देते हैं, उसी प्रकार यह लाइब्रेरी वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई चेतना और स्फूर्ति का संचार करेगी। और! वरिष्ठ नागरिकों एवं युवा पीढ़ी के मध्य सेतु का कार्य करेगी।
मैं ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी, टीम ग्राम पाठशाला तथा अपने सभी साथियों का आभार प्रकट करता हूँ, जिन्होंने इस पहल को साकार रूप दिया। साथ ही, मैं लालबहार जी को हृदय से शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ कि उनकी पुस्तक समाज में सकारात्मकता और प्रेरणा का स्रोत बने एवं उनका भारत के प्रत्येक गाँव में लाइब्रेरी स्थापना का स्वप्न शीघ्रातिशीघ्र साकार हो।
आइए, हम सब मिलकर इस पहल को एक आंदोलन का रूप दें, ताकि वरिष्ठ नागरिक समाज में सम्मान, संवाद, ज्ञान और आनन्द की रोशनी में जीवन के इस पड़ाव को सार्थक एवं समाजोपयोगी बना सकें।"
चित्रदीर्घा



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें