भूमिका
विवरण
देहरादून। 24, नवंबर 2024. नवंबर माह की RKS महिला और पुरुष इकाई की संयुक्त गोष्ठी 24, नवंबर को श्रीमती नीरू गुप्ता मोहिनी के निवास स्थान पर आयोजित की गई। गोष्ठी बहुत ही सौहार्दमय वातावरण में हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता महिला इकाई की अध्यक्ष सुप्रसिद्ध शायरा मीरा नवेली जी ने की।
गोष्ठी का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ शारदा की वंदना से हुआ। नीरू गुप्ता जी ने सुंदर शब्द-पुष्पों को स्वर-माधुर्य से सजाकर माँ शारदा की वंदना की।
मंचासीन अध्यात्म कवि आदरणीय के. डी. शर्मा जी का स्वागत डॉ. सचिन गुप्ता ने अंग वस्त्र प्रदान कर किया। श्रीमती नीरू गुप्ता जी ने मंचस्थ आदरणीय मीरा नवेली एवं महिमा श्री को अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया।
काव्य गोष्ठी का आगाज़ शादाब जी ने शानदार गीत से किया। तत्पश्चात श्रृंगार और प्रेम की सुमधुर प्रस्तुतियों ने समां ही बाँध दिया। आदरणीय सत्यप्रकाश सत्य, अशोक शर्मा, झरना जी, महिमा श्री जी, की प्रेमिल काव्य रसधारा ने गोष्ठी को रसमय कर दिया, तो वहीं आदरणीय मुनि राम सकलानी जी एवं ओज के सशक्त हस्ताक्षर आदरणीय श्रीकांत श्री जी ने क्रमशः देशभक्ति एवं महाभारत के प्रसंग सुनाकर रोमांचित कर दिया। उत्कृष्ट शायरा सुहेला अहमद नायाब एवं आदरणीय इंदु अग्रवाल जी ने शानदार ग़जल प्रस्तुत की। आदरणीय के. डी. शर्मा ने राजनेताओं पर हास्य व्यंग्य और आधुनिक सीता, जो आज भी पग पग पर अग्नि परीक्षा से गुजर रही है, की मार्मिक व्यथा- कथा प्रस्तुत कर बहुत से विचारणीय प्रश्नों को खड़ा किया। गोष्ठी में उपस्थित संगीता वर्मानी जी एवं नीरू मोहिनी जी की शानदार दमदार प्रस्तुतियों ने गोष्ठी में चार चाँद लगा दिये।
यह गोष्ठी नीरू सचिन गुप्ता जी की वर्षगाँठ से एक दिन पूर्व थी। भाई श्रीकांत श्री और महिमा श्री ने उपहारस्वरूप लाई पुष्पमाला से वर-वधु की वरमाला कराई और पुष्प वर्षा कर इस संध्या को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. क्षमा कौशिक ने वसंत आगमन पर सुंदर गीत सुनाया और अंत में अध्यक्ष मीरा नवेली जी ने अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ मन में उतर जाने वाला मधुर गीत सुनाया। इस प्रकार जिस सुंदरता से भाई शादाब जी ने गोष्ठी का शुभारंभ किया उसी सुंदरता से मीरा जी ने गोष्ठी का समापन किया। गुप्ता दंपति के स्नेहिल आतिथ्य और स्वादिष्ट व्यंजनों से सभी तृप्त हो गए।
गोष्ठी के कैमरे में संरक्षित कुछ यादगार पल...













टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें