भूमिका
किसी भी संगठन के स्थापना दिवस पर त्योहारी सीजन में पर्व मिलन कार्यक्रम ऐसे है जैसे सोने पर सुहागा। यहां पर एक ऐसे ही कार्यक्रम का विवरण संबंधित चित्रों प्रस्तुत किया जा रहा है।
विवरण
दिनांक 27.10.24 को सायंकाल एल्डिको ग्रीन मीडोज, ग्रेटर नोएडा के सभागार में वरिष्ठ नागरिक समाज के सौजन्य से 'दीवाली मिलन' एवं 'स्थापना दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काव्य गोष्ठी हुई एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। काव्य गोष्ठी में राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कविवर सर्वश्री ओमप्रकाश 'यती' ने निम्न मुक्तक प्रस्तुत किए -
मुक्तक १
अँधेरे जब ज़रा सी रौशनी से भाग जाते हैं,
तो फिर क्यों लोग डरकर ज़िंदगी से भाग जाते हैं।
हमें मालूम है फिर भी नहीं हम खिलखिला पाते,
बहुत से रोग तो केवल हँसी से भाग जाते हैं।
मुक्तक २
हँसी को और ख़ुशियों को हमारे साथ रहने दो,
अभी कुछ देर सपनों को हमारे साथ रहने दो।
तुम्हें फ़ुरसत नहीं तो जाओ बेटा, आज ही जाओ
मगर कुछ रोज़ बच्चों को हमारे साथ रहने दो।
उनके अतिरिक्त प्रमोद मिश्र 'निर्मल', ओम रायजादा व श्रीमति रंजना मल्लिक ने भी अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मन्त्रमुग्ध कर दिया। रमनपाल सिंह ने भी निम्न कविता प्रस्तुत की
दीवाली का आनंद हमने, मिटा तो खुद डाला।
प्रकाश का है पर्व दीवाली, नही है प्रदूषण वाला।।
दीवाली का------
खील, बताशे और दीया से, दीवाली मन जाती थी।
सब घर वाले साथ में होते, खुशियों छा जाती थीं।
नही हैं खुशियाँ दिवाली में, मार उन्हें हमने डाला।
दीवाली का------
आज दीवाली पर रौनक तो, बाजारों में छाती है।
अब वस्तुएं आती हैं घर में, खुशियाँ कब आती हैं।
स्वार्थ और दिखावे ने, सब कुछ नीरस बना डाला।
दीवाली का-------------
त्यौहारों पर सब एक दूजे, से मिलने को जाते थे।
जिस घर मे दु:ख भी होता, खुश वे भी हो जाते थे।
मेलमिलाप के पर्व को, यूँ घरों मे कैद करा डाला।
दीवाली का-------------
फुलझड़ी, पटाखे बचपन से, सभी छुड़ाते आए हैं।
प्रदूषण के बादल आखिर, उन पर ही क्यूँ छाए हैं।
अपनी कमियों का हमने, दोष दीवाली पर डाला।
दीवाली का----------
सॅभल जाओ त्यौहारो को, फिर त्यौहार बना लो। छोड दिखावा पर्वो पर, पहले जैसा प्यार बढा लो। त्यौहारो का आनन्द लो, फिर से वो बचपन वाला।
दीवाली का-------------
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री तेजपाल सिंह (विधायक दादरी, गौतमबुद्धनगर) रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समाज के सैकड़ो सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समाज के पदाधिकारीगण श्रीमति उर्वशी सिंह, श्रीमति कुसुम तोमर, सर्वश्री गिरीश कुमार राघव, (महासचिव), देवेन्द्र कुमार सिंघल (कोषाध्यक्ष), महीपाल सिंह (सहसचिव), अवधेश सक्सैना (सम्पादक व लाइब्रेरियन) एवं सर्वश्री देवेन्द्र नागर (अध्यक्ष, आरडब्लूए, एल्डिको ग्रीन), डी.के. सब्बरवाल, हरिश्चंद्र गुप्ता, राजेन्द्र पुरवार, डी.सी. तायल, एन. एस. भटनागर (रिटायर्ड डीएसपी), एडवोकेट ओमप्रकाश भाटी।(रिटायर्ड डीएसपी) आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
सभी सम्मानित सदस्यों ने कार्यक्रम के आनंद के साथ समूह भोज के पश्चात मोमबत्तियां प्रज्वलित कर दीवाली मिलन को मूर्त रूप दिया और हर्षोल्लास के साथ एक दूसरे को दीवाली की शुभकामनाएं दीं।हमारी ओर से मुख्य अतिथि एवं सभी सम्मानित सदस्यो का कार्यक्रम की शोभा बढाने हेतु आभार व्यक्त किया गया। आप सभी मित्रों को भी सपरिवार दीवाली, गोवर्धन एवं भाई दूज के पावन पर्वों की हार्दिक बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं।
चित्रों का झरोखा











टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें