मेरा नाम अहमद राजा अंसारी है और मैं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आलोद में कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में इस विद्यालय को विगत नौ वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहा हूं।
हमारे विद्यालय में प्रदेश स्तर पर बालिका निधि के राज्य स्तर की इस वर्तमान उपलब्धि से पहले भी दसवीं और आठवीं में जनपद स्तर पर बालिकाए प्रथम आई हैं।
हमारे विद्यालय की छात्र निधि जैन ने 600 में से 598 अंक लाकर जो यह कीर्तिमान स्थापित किया है उसमें सभी अध्यापकों की भूमिका रही है। निधि जैन के कक्षा अध्यापक श्री दीपक शर्मा अपने आपको एक मार्गदर्शक और शिक्षक के रूप में मानते हैं। छात्रों को उनके सीखने की यात्रा की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं विद्यार्थियों की स्वाभाविक जिज्ञासाओं को शांत करते हैं। श्री दीपक शर्मा छात्रों के लिए एक आदर्श हैं और यह सूचना प्रौद्योगिकी में भी महारत रखते हैं और शिक्षण में निरंतर नवाचार करते रहते हैं।
हमारे विद्यालय में सामाजिक विज्ञान के राम सिंह मीणा, विज्ञान की संघमित्रा, गणित की निकहत जहां, हिंदी के ओमप्रकाश जैन, संस्कृत की कर्मा मीणा और उर्दू का मैं स्वयं हूं। सभी की लगन और मेहनत से यह परिणाम अच्छा रहा जो हमें सुख की अनुभूति कराता है।
हमारा विद्यालय 2022 में माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमांकित हुआ। यह पहला बेच है बारहवीं का जिसमें अल्फिया बानो ने 93.20% अंक प्राप्त किये।
हमने सत्र आरंभ से ही कार्य योजना बनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं मिशन 100 पर कार्य करना आरंभ कर दिया था। हमारे विद्यालय में प्रोजेक्ट एवं ऑनलाइन के माध्यम से भी शिक्षण कार्य करवाया जाता है
कक्षा दस, बारह और कक्षा आठ स्तर की बोर्ड की सभी कक्षाओं में समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों की रुचि और उनके स्तर को जांचा जा सके और उसमें यथोचित सुधार किया जा सके। यह मूल्यांकन मौखिक रूप से भी एवं लिखित रूप से भी किया जाता है।
मुझे और हमारे स्टाफ को निधि की क्षमताओं पर पूर्ण विश्वास था। सबसे पहले निधि जैन का परीक्षा परिणाम मैंने ही देखा और उसी समय मैं और अन्य साथी बधाई देने छात्रा के घर चले गए।
हमारे विद्यालय की एक और छात्रा सानिया बानो है जिसने राजस्थान में दसवां स्थान प्राप्त किया है और उसने 98.17% अंक प्राप्त किए हैं।
विद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ पुनः माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों के द्वारा अच्छे अंक लाने के लिए भरसक प्रयास करेंगे।
यदि निधि जैन जैसी राज्य की टॉपर कोई भी प्रतिभा हमारे विद्यालय में शिक्षण कार्य करवाए तो भविष्य में नि:संदेह हमारा विद्यालय एक आयाम स्थापित कर सकेगा।
सूचना स्रोत
प्रधानाचार्य की कलम से
स्थितियां
कोरोना से मां की मौत के बाद टूट गई थी निधि
जिला शिक्षा अधिकारी सहित तमाम अधिकारियों ने पहुंचकर छात्रा निधि को बधाई दी। छात्रा निधि जैन ने एन.डी.टी.वी. राजस्थान के प्रतिनिधि से खास बातचीत करते हुए बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी उसने पढ़ाई की। निधि की मां की कोरोना काल में मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद निधि बुरी तरह से टूट गई थी। निधि को एक छोटा भाई है। मां की मौत के बाद निधि छोटे भाई के साथ-साथ खुद को संभालते हुए पढ़ाई में लगी। निधि के पिता कपड़े की दुकान चलाते हैं। इस कारण वो बच्चों को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे, लेकिन निधि ने मां की मौत के बाद न केवल खुद को संभाला बल्कि नियमित रूप से आठ से दस घंटे पढ़ाई करते हुए आज पूरे राज्य में परिवार का नाम ऊंचा किया।
इंजीनियर बनने का है सपना
निधि ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि पहले से ही थी ऐसे रिजल्ट की उम्मीद। निधि का सपना है कि वह आगे जाकर इंजीनियर बने और अपने परिवार का नाम रोशन करे। छात्रा निधि जैन ने कहा कि जो छात्र अपना लक्ष्य लेकर आगे बढ़ते हैं उनका सपना जरूर साकार होता है। मैंने भी अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए जीजान लगा दी और आज परिणाम सबके सामने है। छात्रा ने बताया कि इस परिणाम का आभास उसे पहले से ही था, क्योंकि उसने विद्यालय के अध्यापकों व परिजनों के साथ पेपर के बाद उसकी समीक्षा की थी। अंग्रेजी व संस्कृत में उस से एक-एक प्रश्न गलत हुए थे, जिसके नंबर छात्र के इस रिजल्ट में 100 में से 99 ही आए हैं.
साभार
एन.डी.टी.वी. राजस्थान से
कल्पनाकार



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें