ग्राम पाठशाला के देश भर के ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की स्थापना संबंधी अभियान ने जनता में गजब की ऊर्जा का संचार किया है। अपनी आगामी पीढ़ी के भविष्य के विषय में सोचकर ग्रामीण निरंतर ऐसे निर्णय ले रहे हैं जो बालकों के भविष्य का निर्माण कर सकने में मदद कर सकें।
ऐसे कुछ उदाहरणों का उल्लेख हम यहां करना इसलिए जरूरी समझते हैं क्योंकि उन निर्णयों को समझकर ही हम लोग इस अभियान में छिपी गंभीरता से अवगत हो सकेंगे।
अभी एक सप्ताह भी नहीं हुआ है जब एक अनजान नंबर से ग्राम पाठशाला के कारीधारियों को फोन आया। फोन करने वाले से जब पूछा गया कि वह कौन बोल रहे हैं तो प्रत्युत्तर में फोनकर्ता ने बताया कि उनका नाम दीपचंद भागीरथी राव है और वह मुंबई से बोल रहे हैं। आगे फोन करने के उद्देश्य का विवरण उपलब्ध कराते हुए उन्होंने बताया कि वह यूट्यूब पर 'विलेज लाइब्रेरी' सर्च कर रहे थे तो उन्हें 'ग्राम पाठशाला' की मुहिम के विषय में जानकारी हुई और वो इस मुहिम से प्रभावित हुए और फोन कर रहे हैं। अब आगे का विवरण आपको इन सज्जन की भावना को और स्पष्ट तथा क्लियर कर देगा जब आप जानेंगे कि वो सज्जन तमाम सीमितताओं के बाद भी प्रति वर्ष अपने गाँव में अपने महापुरुषों के सम्मान में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन नियमित रूप से करते रहे हैं।
ऐसे कार्यक्रम को करने के लिए कुछ न कुछ राशि भी निश्चित रूप से व्यय होती रही होगी, लेकिन जब विलेज लाइब्रेरी की तलाश करने के दौरान ग्राम पाठशाला अभियान का विवरण उनको मिला तो उन्होंने एक निर्णय लिया कि इस वर्ष वह इस कार्यक्रम पर व्यय होने वाली धनराशि से अपने गाँव में पुस्तकालय बनवाएंगे। यह ग्राम पाठशाला अभियान की भांति एक संकल्प ही था।
इस शख्स से जब उनके गाँव के विषय में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के एक गाँव से हैं और मुंबई में अपने परिवार के भरणपोषण के लिए हैं। इस व्यक्ति का समर्पण भाव देखिए कि वह मुंबई से सैंकड़ों कोस दूर अपने काम में संलग्न होने के बावजूद भी अपनी अगली पीढ़ी के भविष्य को लेकर चिंतित है और पुस्तकालय के निर्माण के विषय में सोच रहा है तो इसलिए कि उसको अपने इस निर्णय में अपनी आगामी पीढ़ी का भविष्य दिख रहा है और बालकों को समाज में निरंतर बढ़ती आवारागर्दी से बचाकर उसके जीवन को कर्मठता की दिशा देना है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें