ग्राम पाठशाला समर्पित भाव से जिस पवित्र उद्देश्य से गाँवों के युवाओं के लिए निःशुल्क पुस्तकालय निर्माण के अभियान में लगी हुई है उसमें बहुत से लोग निरंतर विविध रूपों में हमको सहयोग दे रहे हैं और संस्थाएं आहुति देने के लिए आगे आ रही हैं।
अपने अध्ययन काल में उपकार प्रकाशन की जिस प्रतियोगिता दर्पण पत्रिका को हम हर माह प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए खरीदकर पढ़ा करते थे कल विश्व पुस्तक मेले में उसी उपकार प्रकाशन के जनरल मैनेजर श्री मनोज पाण्डेय ग्राम पाठशाला के स्टॉल पर पहुँचे और टीम ग्राम पाठशाला के साथ उपकार प्रकाशन को जोड़ने का प्रस्ताव रखा। उनके प्रस्ताव से हमारा मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने हमको कुछ पत्रिकाएं और पुस्तकें भी भेंट कीं और हमको आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्राम पाठशाला की मुहिम के तहत बने पुस्तकालयों पर उपकार प्रकाशन निःशुल्क पत्रिकाएं पहुँचाने की भी योजना बना रहा है।
इस पवित्र सहयोग के लिए टीम ग्राम पाठशाला उपकार प्रकाशन का आभार व्यक्त करती है।
इसी क्रम में बारह फरवरी को लोकप्रिय टीवी ऐंकर प्रतीक त्रिवेदी भी ग्राम पाठशाला के विश्व पुस्तक मेले स्थित स्टॉल पर पहुँचे और ग्राम पाठशाला के स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतीक त्रिवेदी जी का न्यूज 18 चैनल का 'भैय्या जी कहिन' शो एक सुपरहिट कार्यक्रम है। प्रतीक जी नें ग्राम पाठशाला की मुहिम के विषय में विस्तार से जानकारी ली और वह मुहिम के विषय में जानकार बेहद प्रभावित भी हुए।
सब कुछ जान लेने के बाद उनकी टिप्पणी थी कि टीम ग्राम पाठशाला अद्भुत कार्य कर रही है और वह भी इस पवित्र मुहिम में टीम ग्राम पाठशाला के साथ हैं।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें