यमुना अथॉरिटी के सीईओ श्री अरुणवीर सिंह सर आज टीम ग्राम पाठशाला की उपस्थिति में गौतमबुद्ध नगर जिले के दो गाँवों रीलखा और जगनपुर में पुस्तकालयों का शिलान्यास कर रहे हैं। टीम ग्राम पाठशाला ने कुछ महीने पहले सीईओ सर से इस बाबत मुलाकात की थी और यह पत्र सौंपा था।
प्रयास
ग्राम पाठशाला
ग्राम पाठशाला टीम
गाँव गनोली, गाजियाबाद
सेवा में,
सी.ई.ओ.
यमुना एक्सप्रेस अथॉरिटी
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश
विषय: यमुना एक्सप्रेस अथॉरिटी के अंतर्गत आने वाले गाँवों में आधुनिक पुस्तकालय (Study Centres) की स्थापना कराने की प्रार्थना।
मान्यवर,
भारत गाँवों का देश है और इन्हीं गाँवों से निकली प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, किन्तु इनमें से अधिकांश ऐसे लोग हैं जो अपने गाँव को छोड़कर शहरों में आ बसे और यहीं रहकर उन्होंने विद्यार्जन किया है।
भारत के गाँवों में भी शिक्षा का उचित माहौल बने और यहाँ सभी अपने सपनों को पूरा कर सकें, इसके लिए ग्राम पाठशाला टीम जी-जान से जुटी है। यहां यह बताना उचित होगा कि 'ग्राम पाठशाला टीम' न तो कोई एन.जी.ओ. है और न ही कोई औपचारिक संगठन है। यह समूह है पढ़े-लिखे ऐसे नौजवानों का जिन्होंने गांव में रहकर पढाई की और जिंदगी में अपना मुकाम हासिल कर लिया। कोरोना काल की आपदा में अवसर तलाशते हुए इन नौजवानों ने गाजियाबाद जिले के गनौली गाँव में एक आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना कर उदाहरण प्रस्तुत किया। आज की तारीख में यह पुस्तकालय 24 x7 काम कर रहा है। इसके बाद आस-पास के जिलों में 200 से ज्यादा गाँवों में ग्राम पाठशाला टीम के प्रयासों से, पुस्तकालय बन चुके हैं और बच्चे यहाँ पर पढ़ाई कर रहे हैं। लगभग इतने ही गाँवों में पुस्तकालयों का निर्माण कार्य चल रहा है।
टीम ग्राम पाठशाला का मानना है कि अगर देश के हर गांव में सार्वजनिक और निशुल्क पुस्तकालय बन जाएं तो भविष्य में एक ऐसे भारत का निर्माण होगा जो कि विश्व का नेतृत्व करेगा।
अतः 'ग्राम पाठशाला टीम' आपसे करबद्ध प्रार्थना करती है कि आप यमुना एक्सप्रेस अथारिटी के क्षेत्राधिकार में आने वाले गाँवों के लिए आधुनिक पुस्तकालय (स्टडी सेंटर) की स्थापना कराने की कृपा करें। इस अभियान की शुरुआत तहसील स्तर पर एक एक लाईब्रेरी (स्टडी सेंटर) के लिए भवन निर्माण करा कर की जा सकती है। सुझाव है कि लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहे तो उचित रहेगा।
आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि भारत को पुस्तकालयों का देश बनाने में आप और आपका सम्मानित संस्थान सहभागी बनेंगे।
सादर
भवदीय
अजयपाल नागर
9313213441
इस अवसर पर सीईओ साहब ने टीम ग्राम पाठशाला को भी आमंत्रित किया है।
दो पुस्तकालयों का किया गया शिलान्यास
ग्रेटर नोएडा। ग्राम पाठशाला के सहयोग से बुधवार को रीलखा- डूंगरपुर और जगनपुर- अफजलपुर में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने दोनों पुस्तकालयों का शिलान्यास किया। यमुना प्राधिकरण 96 गांवों में पुस्तकालय का निर्माण कराएगा।
दरअसल, गत माह ग्राम पाठशाला संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह से मिला था और मिलकर गांवों में पुस्तकालय बनवाने की मांग की थी। प्राधिकरण और ग्राम पाठशाला संगठन के बीच करार हुआ कि क्षेत्र के गांवों में पुस्तकालय बनाकर यमुना प्राधिकरण देगा, लेकिन उनका निशुल्क संचालन ग्राम पाठशाला द्वारा कराया जाएगा।
प्राधिकरण ने पांच गांवों डूंगरपुर - रीलखा, जगनपुर- अफजलपुर, सालारपुर, मूंजखेड़ा और अच्छेजा बुजुर्ग में पुस्कालय के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। शिलान्यास कार्यक्रम में जीएम एके सिंह, नंद किशोर सुंदरियाल, ग्राम पाठशाला के सदस्य अजयपाल नागर, राजेश नागर, देवराज नागर, सतेंद्र खानपुर आदि मौजूद रहे।
दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट - 'अच्छी खबर'
ग्रेटर नोएडा (वरिष्ठ संवाददाता)। यमुना प्राधिकरण अपने अधीन 96 गांवों में पुस्तकालय का निर्माण कराएगा। इसकी शुरुआत बुधवार को जगनपुर - अफजलपुर और डूंगरपुर रीलखा से हो गई। पुस्तकालय बनने से युवाओं को घर के पास पढ़ने का मौका मिलेगा। एक पुस्तकालय पर करीब सात लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
यमुना प्राधिकरण अपने अधीन गांवों में सभी जरूरी सुविधाओं को देने के प्रयास में जुटा है। पिछले महीने ग्राम पाठशाला मुहिम के लोगों ने सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह से
मुलाकात की थी। उन्होंने अनुरोध किया था कि गांवों में पुस्तकालय का निर्माण कराया जाए ताकि युवाओं को पढ़ाई का मौका मिल सके। सीईओ ने इस प्रस्ताव को मान लिया। भरोसा दिया था कि सभी गांवों में पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण ने इसकी शुरुआत कर दी। प्राधिकरण ने पुस्तकालय के निर्माण के लिए टेंडर निकाल कर प्रक्रिया पूरी कर दी है। यमुना प्राधिकरण ने पांच गांवों डूंगरपुर रीलखा, जगनपुर अफजलपुर, सलारपुर, मूंजखेड़ा और अच्छेजा बुजुर्ग में लाइब्रेरी बनाने के लिए टेंडर निकाल प्रक्रिया पूरी कर दी है।
पहले डूंगरपुर रीलखा में रखी नींव : यमुना प्राधिकरण ने बुधवार अरुणवीर सिंह से पहले डूंगरपुर रीलखा गांव में पुस्तकालय का शिलान्यास किया। इसके बाद जगनपुर अफजलपुर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुस्तकालय की नींव रखी। इस मौके पर प्राधिकरण के जीएम एके सिंह, नंद किशोर सुंदरियाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद सीईओ ने कहा कि प्राधिकरण के अधीन आने वाले सभी गांवों में पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय बनने से युवाओं को फायदा मिलेगा। उनका प्रयास है कि गांवों में सभी जरूरी सुविधाएं सभी को मिले। इसको लेकर प्राधिकरण काम करता है।
अन्य शिलान्यास
ग्रेटर नोएडा। जेवर क्षेत्र के गांव मूंजखेड़ा में महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने ग्राम पाठशाला की टीम से लाइब्रेरी का शिलान्यास कराया। इससे पहले रीलखा व जगनपुर गांव में भी ग्राम पाठशाला का काम शुरू हो चुका है। हाल ही में यमुना अथॉरिटी के सी.ई.ओ. डॉ. अरुणवीर सिंह ने घोषणा की है कि अभियान के तहत 96 लाइब्रेरी बनाई जाएंगी। उसी के तहत गांव-गांव में शिलान्यास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर टीम ग्राम पाठशाला से डिप्टी एस.पी. लाल बाहर, अजयपाल सिंह, देवराज सिंह, राजेश सिंह, अरविंद सिंह, नितिन सिंह, सतेंद्र सिंह, नीलम भाटी और रूपावीर आदि मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त
दिल्ली के सभापुर गाँव में एक पाठशाला/लाइब्रेरी पहले से ही चल रही है, जिसमें प्रतिदिन 100 से ज्यादा बच्चे अध्ययन करते हैं।
आज सभापुर गाँव में एक और लाइब्रेरी का शुभारंभ है। यह लाइब्रेरी गाँव की बेटियों के लिए अलग से बनाई गई है।
समूचे सभापुर गाँव को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनायें। आपने दूसरे गाँवों के समक्ष एक नजीर पेश की है।
इस शुभ अवसर पर टीम ग्राम पाठशाला भी पहुँच रही है।
अगर सम्भव हो तो आप भी इस शुभ अवसर पर जरूर पहुँचे।
आज सभापुर गाँव की ल़डकियों की लाइब्रेरी का शुभारंभ SDM श्री संजय सोंधी साहब के कर कमलों से हुआ।
लाइब्रेरी का शुभारंभ होते ही उसमें पढ़ाई शुरू।
आपकी सफलता निश्चित है बच्चियों।
टीम सभापुर को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनायें।
MoU पर हस्ताक्षर
कल शनिवार 24 जून, 2023 को टीम ग्राम पाठशाला एक और MoU पर हस्ताक्षर करेगी! टीम ग्राम पाठशाला के साथ देश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के जुड़ने का क्रम निरंतर जारी है। इसी क्रम में अब जुड़ रहा है पलवल का राजकीय महाविद्यालय। इस समझोते के बाद पलवल जिले के गाँवों में टीम ग्राम पाठशाला और राजकीय महाविद्यालय, पलवल मिलकर लाइब्रेरी खुलवाने का कार्य करेंगे।
कल दिनाँक 25/06/2023 को रूपवास के लिए प्रस्तावित पदयात्रा में पहुँच रहे हैं ना आप! स्मरण रहे कि टीम ग्राम पाठशाला ग्रेटर नोएडा के गाँव रूपवास में लाइब्रेरी निर्माण के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी। गाँवों के युवाओं की शिक्षा के लिए चलाए जा रहे इस हवन में चार कदम चलकर आप भी अपनी आहुति अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें