देवाशीष उपाध्याय
(शिक्षा सलाहकार)
भारतीय सेना में भर्ती के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यू.पी.एस.सी.) द्वारा वर्ष में दो बार नेशनल डिफेंस एकेडमी (एन.डी.ए.) एंड नेवल एकेडमी (एन.ए.) की परीक्षा आयोजित की जाती है। रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के लिए बहुत से छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। बता दें कि एन.डी.ए. की लिखित परीक्षा 21 अप्रैल, 2024 को आयोजित होने वाली है। ऐसे में छात्रों के पास तैयारी के लिए बहुत ही कम समय बचा है, इसलिए छात्रों का योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करना महत्वपूर्ण है।
■ परीक्षा का पैटर्न
एन.डी.ए. की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है, पहले चरण में लिखित परीक्षा और दूसरे चरण में एस.एस.बी. इंटरव्यू शामिल है। चयन के लिए छात्रों का मूल्यांकन 1,800 अंकों में से किया जाता है, जिसमें 900 अंक लिखित परीक्षा और 900 अंक एस.एस.बी. इंटरव्यू के लिए निर्धारित हैं। परीक्षा में सफल होने के लिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वह सिलेबस के बारे में अच्छ से जान लें, उसके बाद ही तैयारी शुरू करें। तैयारी के लिए छात्रों के पास पर्याप्त समय प्रबंधन की सुनियोजित योजना अवश्य होनी चाहिए।
■ पाठ्यक्रम को समझें
एन.डी.ए. की लिखित परीक्षा में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 गणित, जिसमें 300 अंकों के 120 प्रश्न और पेपर-2 जनरल एबिलिटी टेस्ट (जी.ए.टी.), जिसमें 600 अंकों के 150 प्रश्न होते हैं। जी.ए.टी. में अंग्रेजी व सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में गलत उत्तर के लिए नकारात्मक अंक दिए जाते हैं। इस परीक्षा में 12वीं कक्षा के स्तर के प्रश्न पूछे जाते हैं। परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक की एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन अध्ययन और विगत वर्षों के प्रश्न-पत्रों को हल करना जरूरी है, जिससे छात्रों को परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों की कठिनाई के स्तर को समझने में मदद मिल सकती है।
■ अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करें
कमजोर विषयों की पहचान करें और उनमें सुधार के लिए रोजाना अभ्यास करें। परीक्षा के माहौल को बनाने और समय प्रबंधन कौशल को बढ़ाने के लिए मॉक टेस्ट देने का प्रयास करें। छात्र सभी विषयों की तैयारी के दौरान शॉर्ट नोट्स अवश्य बनाएं, ताकि अंतिम समय की तैयार में रिवीजन आसानी से किया जा सके।
■ नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ें
देश-दुनिया से जुड़ी तमाम खबरों पर उम्मीदवारों की पैनी नजर होनी चाहिए, जिसके लिए छात्रों को नियमित रूप से कम से कम दो समाचार पत्रों को अवश्य पढ़ना चाहिए। परीक्षा की तैयारी के दौरान एक अनुशासित दिनचर्या को बनाए रखने के लिए स्वस्थ खानपान और नियमित रूप से पढ़ना बेहद जरूरी है।
■ सकारात्मक दृष्टिकोण बनाएं और प्रेरित रहें
परीक्षा की तैयारी के दौरान सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना महत्वपूर्ण है। अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और प्रेरित रहें। परीक्षा के लिए अपने लक्ष्य निर्धारित करें और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी में जुट जाएं।
दैनिक अमर उजाला से साभार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें